आईसीएआर के ‘क्षितिज 2.0’ स्टार्टअप कार्यक्रम से विद्यार्थियों को मिली उद्यमिता की प्रेरणा

जोबनेर (जयपुर), 14 जुलाई। केंद्रीय भेड़ एवं ऊन अनुसंधान संस्थान (आईसीएआर-सीएसडब्ल्यूआरआई), अविकानगर, मालपुरा एवं श्री कर्ण नरेंद्र कृषि विश्वविद्यालय, जोबनेर के संयुक्त तत्वावधान में श्री कर्ण नरेंद्र कृषि महाविद्यालय के एक्सटेंशन थिएटर में आईसीएआर के ‘क्षितिज 2.0’ स्टार्टअप इनक्यूबेशन कार्यक्रम के तहत आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों, किसानों और नवाचारकर्ताओं को स्टार्टअप एवं उद्यमिता के प्रति जागरूक करना था।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. डॉ. पुष्पेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि आज के दौर में युवाओं को केवल सरकारी नौकरी तक सीमित नहीं रहना चाहिए, बल्कि कृषि, पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में उपलब्ध अपार संभावनाओं का लाभ उठाते हुए स्टार्टअप स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने नवाचारी विचार साझा कर उन्हें व्यवहारिक रूप देने का आह्वान किया।आईसीएआर-सीएसडब्ल्यूआरआई के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अजीत सिंह महला एवं डॉ. अरविंद सोनी ने ‘क्षितिज 2.0’ कार्यक्रम की रूपरेखा, इनक्यूबेशन प्रक्रिया, फंडिंग, व्यवसाय विकास तथा नवाचारों के व्यावसायीकरण की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्टार्टअप, विद्यार्थी, किसान, उद्यमी एवं संकाय सदस्य 22 जुलाई 2026 तक आवेदन कर सकते हैं। चयनित प्रतिभागियों को दो माह का मेंटरशिप कार्यक्रम उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे वे अपने नवाचारों को सफल उद्यम में बदल सकें।

कार्यक्रम में निदेशक छात्र कल्याण डॉ. एन.के. गुप्ता, डॉ. आई.एम. खान, डॉ. बी.एस. बधाला, डॉ. अरुण प्रताप सिंह, डॉ. अरविंद, डॉ. भूपेंद्र कसवा सहित डेयरी टेक्नोलॉजी कॉलेज एवं श्री कर्ण नरेंद्र कृषि महाविद्यालय के 128 विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन डॉ. हिना सहीवाला ने किया तथा अंत में डॉ. अजीत सिंह महला ने धन्यवाद ज्ञापित किया।
संवाददाता सुरेश भदाला
